*मुनि की रेती एवं तपोवन क्षेत्र में प्रस्तावित निर्माण कार्यों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक*
*सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्यों की ड्रॉइंग एवं अलाइनमेंट तीन एवं चार दिसम्बर तक करें फाइनल, इसके पश्चात शुरू होंगे निर्माण कार्य*
जनपद टिहरी गढ़वाल के नगर पालिका परिषद मुनि की रेती एवं नगर पंचायत तपोवन क्षेत्रांतर्गत प्रस्तावित विभिन्न निर्माण कार्यों के संबंध में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय, मुनि की रेती में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तावित कार्यों की अद्यतन स्थिति एवं उनकी प्रगति की जानकारी दी गई।
बैठक में जल संस्थान द्वारा अवगत कराया गया कि खारा स्रोत से इंटर कॉलेज तक लगभग 900 मीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि 800 मीटर पाइपलाइन का कार्य शेष है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि आगामी समय में राष्ट्रीय राजमार्ग का पूर्ण रूप से मरम्मत एवं सुधार कार्य किया जाना प्रस्तावित है। वहीं, यूपीसीएल द्वारा बताया गया कि क्षेत्र में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने का कार्य प्रोजेक्ट के तहत पहले से संचालित है। इसी क्रम में जल निगम द्वारा पुलिस चौकी से लक्ष्मणझूला तक लगभग 1250 मीटर कमर्शियल वाटर पाइपलाइन बिछाए जाने की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों जल संस्थान, जल निगम, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, यूपीसीएल एवं नगर पालिका मुनि की रेती को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने प्रस्तावित कार्यों की ड्रॉइंग एवं ले-आउट प्रस्तुत करते हुए आपसी समन्वय से अलाइनमेंट निर्धारित करें। सभी विभाग समन्वय स्थापित कर अंतिम कार्ययोजना (फाइनल प्लान) तैयार करते हुए निर्माण कार्य की प्रक्रिया सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभागों के कार्य पूर्ण होने के उपरांत राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा सड़क पर सीसी निर्माण कार्य किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण से पूर्व सभी विभाग अपनी आवश्यक पाइपलाइन, विद्युत लाइन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों को अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लें। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि आवश्यकता के अनुसार भविष्य की जरूरतों को देखते हुए डमी पाइपलाइन भी डाली जा सकती हैं, ताकि सड़क निर्माण के बाद पुनः सड़क खोदने की आवश्यकता न पड़े। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण के उपरांत किसी भी विभाग को सड़क खोदने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को कड़े निर्देश दिए कि आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्यों की अलाइनमेंट एवं कार्ययोजना को अंतिम रूप दें। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा कार्यों में अनावश्यक व्यवधान की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित विभाग की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही, कार्ययोजना में निर्धारित अलाइनमेंट से विचलन होने की स्थिति में संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध जुर्माने सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिशासी अभियंताओं को 3 एवं 4 दिसम्बर 2026 को आपसी समन्वय के साथ बैठक कर सभी कार्यों की ड्रॉइंग, अलाइनमेंट एवं अंतिम कार्ययोजना अनिवार्य रूप से फाइनलाइज करने के निर्देश दिए।
