khabaruttrakhand
आकस्मिक समाचारउत्तराखंडटिहरी गढ़वालदिन की कहानीराष्ट्रीयविशेष कवरस्टोरी

जनगणना-2027: टिहरी में 42 मास्टर ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया शुभारंभ, शुद्धता, निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखने के दिए निर्देश।

जनगणना-2027: टिहरी में 42 मास्टर ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया शुभारंभ, शुद्धता, निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखने के दिए निर्देश

जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल में 42 मास्टर ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को नई टिहरी स्थित क्रीड़ा सभागार में शुरू हुआ। जिलाधिकारी / प्रमुख जनगणना अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 14 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण जनपद मास्टर ट्रेनर धारा सिंह तथा जनगणना निदेशालय के मास्टर ट्रेनर पंकज सिंह द्वारा दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। इसके आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं के निर्धारण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी मास्टर ट्रेनर्स से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ करने के निर्देश दिए ।
उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता के लिए प्रत्येक व्यक्ति और परिवार से संबंधित सूचनाओं का सही, निष्पक्ष एवं सुरक्षित संकलन आवश्यक है। मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक प्रक्रिया और तकनीकी पहलू को गंभीरता से समझें, ताकि आगे क्षेत्रीय कार्मिकों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से प्रशिक्षण दिया जा सके। उन्होंने आंकड़ों की शुद्धता, गोपनीयता, डिजिटल डाटा प्रविष्टि, सत्यापन तथा अभिलेखों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की विभिन्न अवस्थाओं, प्रपत्रों के उपयोग, क्षेत्रीय भ्रमण, सूचना संकलन, सत्यापन एवं रिपोर्टिंग प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। साथ ही नागरिकों से संवाद करते समय संवेदनशीलता, विनम्रता और गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स आगे क्षेत्रीय स्तर पर तैनात अन्य कार्मिकों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनगणना कार्य में एकरूपता, समन्वय और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने भी प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों से प्राप्त जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करने तथा आगे कार्मिकों को प्रभावी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देने का आह्वान किया। उन्होंने जनगणना संबंधी आंकड़ों की शुद्धता और गोपनीयता बनाए रखने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी (जनगणना) केशव गैरोला सहित अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

Related posts

Uttarakhand: इस बार राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ ग्रामीण होम स्टे को भी मिलेगा पुरस्कार, 31 जनवरी तक आवेदन तिथि

cradmin

वर्ष 2025-26 में खेल विभाग के अधीन संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश हेतु चयन ट्रायल्स 13 मई से शुरू।

khabaruttrakhand

अपनी मांग को लेकर कुमाऊँ मंडल विकास निगम कर्मचारियों ने शाशन, प्रशासन से आंदोलन का मन बनाकर आर पार लड़ने का बनाया मन।

khabaruttrakhand

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights