*जनता दर्शन में सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने सुनीं 27 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर किया निस्तारण*
*शेष प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से समयबद्ध कार्रवाई करने के दिए निर्देश, आमजन को त्वरित राहत पहुंचाने पर जोर*
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने पुनर्वास, प्रतिकर भुगतान, आपदा से क्षतिग्रस्त आवास एवं पुलिया, सड़क, पेयजल, पेंशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 27 शिकायतें एवं मांगपत्र प्रस्तुत किए।
मुख्य विकास ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विकासखण्ड नरेन्द्रनगर के ग्राम जंगलेथ निवासिनी सुशीला देवी द्वारा आपदा के दौरान मकान क्षतिग्रस्त होने के कारण अन्यत्र विस्थापित करने हेतु शेष धनराशि उपलब्ध कराये जाने के मांग पर उप जिला धिकारी नरेन्द्र नगर को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। विकास खण्ड जौनपुर के ग्राम झकोगी निवासी जबर सिंह द्वारा झ कोगी के बंग्यिाल ज्वारन मोटर मार्ग के मध्य में भौकियाल से उसत्याण तक 02 किमी सड़क निर्माण की मांग पर लोनिवि चम्बा को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। मॉडल हाउस नई टिहरी निवासी सत्य प्रसाद नौटियाल द्वारा विद्युत बिल बहुत अधिक आने तथा मीटर बदलने की मांग पर विद्युत विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। विकासखण्ड चौलधार के ग्राम बौर निवासी आजाद सिंह द्वारा उनकी भूमि पर विद्युत पोल जबरन लगाये जाने, तथा लाइनमैन द्वारा आज कल में हटाये जाने की बात कई दिनों से कहने की शिकायत पर अधिशासी अभियन्ता, विद्युत विभाग को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन के माध्यम से आमजन को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। प्रशासन द्वारा प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उसका समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी नियमित समीक्षा की जा रही है और शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिल सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
